रॉकी और रानी की प्रेम कहानी के बिके म्यूजिकल राइट्स, रणवीर-आलिया गाएंगे गाना
मशहूर फिल्म निर्माता करण जौहर अपनी रोमांटिक मिजाज की फिल्मों के लिए जाने जाते हैं। कुछ सप्ताह पहले ही उन्होंने अपनी रोमांटिक फिल्म रॉकी और रानी की प्रेम कहानी का ऐलान किया था। इल फिल्म में रणवीर सिंह और आलिया भट्ट की जोड़ी जमेगी। दोनों को एक-दूसरे के साथ रोमांस फरमाते हुए देखा जाएगा। अब इस फिल्म के म्यूजिकल राइट्स बिक गए हैं। फिल्म में रणवीर और आलिया गाना गाते हुए नजर आएंगे।
रिपोर्ट के मुताबिक, करण ने इस फिल्म के म्यूजिकल राइट्स दिग्गज म्यूजिक कंपनी सारेगामा को बेच दिए हैं। इस फिल्म के म्यूजिक के लिए करण ने सारेगामा के साथ हाथ मिलाया है। फिल्म के म्यूजिक को प्रीतम चक्रवर्ती कंपोज करेंगे। रणवीर भी पर्दे पर गुनगुनाते हुए नजर आएंगे, लेकिन गली बॉय में फिल्माए गए उनके रैप से यह बिल्कुल अलग होगा। आलिया भी गाने को अपनी आवाज देंगी।
यह पहली बार नहीं है जब आलिया किसी फिल्म में गाने को आवाज देंगी। इससे पहले उन्होंने हाईवे और उड़ता पंजाब में गाना गाया है। अब देखना है कि वह गायिकी के मोर्चे पर क्या कर पाती हैं।
इस डील को लेकर करण ने अपना अनुभव साझा किया है। उन्होंने कहा, मेरे लिए यह दो कंपनियों के एक रणनीतिक मेल-मिलाव से अधिक है। इससे मैं भावनात्मक रूप से भी जुड़ा हूं। सारेगामा और धर्मा प्रोडक्शंस का रिश्ता 90 के दशक की शुरुआत का है, जब हम फिल्म गुमराह और फिर 1998 में म्यूजिकल हिट डुप्लीकेट के लिए साथ आए थे। करण की रॉकी और रानी की प्रेम कहानी एक म्यूजिकल से मिलती-जुलती है।
इस फिल्म में शबाना आजमी, धर्मेंद्र और जया बच्चन भी नजर आएंगी। इसमें जया को नकारात्मक किरदार में देखा जाएगा। यह पहली बार होगा जब जया अपने करियर में नकारात्मक भूमिका निभा रही हैं। वह फिल्म में रणवीर की दादी की भूमिका में दिखेंगी। दिलचस्प यह है कि जया की बहू ऐश्वर्या राय भी आगामी फिल्म पोन्नियिन सेल्वन में एक नकारात्मक किरदार निभा रही हैं। इस फिल्म में रणवीर और आलिया को रॉकी और रानी के किरदार में दिखाया जाएगा।
इस फिल्म से करण पांच साल बाद निर्देशन में वापसी करेंगे। इससे पहले उन्होंने 2016 में आई रणबीर कपूर अभिनीत ऐ दिल है मुश्किल का निर्देशन किया था। 1988 में आई मर्दों वाली बात के बाद दूसरी बार शबाना आजमी और धर्मेंद्र भी फिल्म में साथ दिखेंगे। शबाना और धर्मेंद्र आलिया के दादा-दादी की भूमिका निभाएंगे। जया ने इससे पहले कभी खुशी कभी गम और कल हो ना हो में करण के साथ काम किया है।