रोजगार योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और हितधारकों से सुदृढ़ संवाद पर देहरादून में कार्यक्रम का आयोजन
देहरादून। प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना के प्रभावी क्रियान्वयन, जन-जागरूकता एवं हितधारकों के साथ संवाद को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से भविष्य निधि कार्यालय, देहरादून के कॉन्फ्रेंस हॉल में सेमिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता एस. के. संगमा, अतिरिक्त केंद्रीय भविष्य निधि आयुक्त (मुख्यालय), दिल्ली एवं उत्तराखंड द्वारा की गई। अपने संबोधन में एस. के. संगमा, अतिरिक्त केंद्रीय भविष्य निधि आयुक्त (मुख्यालय) ने उपस्थित अधिकारियों एवं नियोक्ताओं का स्वागत करते हुए प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना की रूपरेखा, उद्देश्यों एवं इसके अंतर्गत उपलब्ध प्रोत्साहनों पर विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यह योजना नियोक्ताओं को नए रोजगार सृजन हेतु प्रोत्साहित करने और युवाओं को औपचारिक क्षेत्र से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि योजना के सफल क्रियान्वयन से सामाजिक सुरक्षा तंत्र को मजबूती मिलेगी और औद्योगिक विकास को भी गति प्राप्त होगी। कार्यक्रम के दौरान कर्मचारी भविष्य निधि संगठन, क्षेत्रीय कार्यालय देहरादून द्वारा योजना से संबंधित सभी पहलुओं को सम्मिलित करते हुए एक विस्तृत वीडियो प्रस्तुति एवं पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन प्रस्तुत किया गया। प्रस्तुति में योजना की पृष्ठभूमि, पात्रता मानदंड, आवेदन प्रक्रिया, लाभ की शर्तें, समय सीमा एवं पोर्टल पर पंजीकरण की विधि पर विस्तृत जानकारी दी गई। इसमें यह भी बताया कि क्षेत्रीय कार्यालय, देहरादून में इस योजना के अंतर्गत अभी तक 1163 प्रतिष्ठानों का पंजीकरण हो चुका है जिसमें 14,538 पहली बार के सदस्य एवं 43,271 पुनः ज्वॉइन करने वाले हैं।
