उत्तराखंड

प्लान इंडिया के प्रोग्राम मैनेजर ने राज्यपाल से की भेंट

देहरादून। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) से लोक भवन में प्लान इंडिया/रेकिट के प्रोग्राम मैनेजर सैयद अली नकवी ने शिष्टाचार भेंट की। उन्होंने राज्यपाल को ‘‘डिटॉल बनेगा स्वस्थ इंडिया इंपैक्ट स्टडी रिपोर्ट-2025’’ सौंपी।
इस अवसर पर श्री नकवी ने बताया कि संस्था द्वारा रेकिट के सहयोग से डिटॉल स्कूल स्वच्छता शिक्षा के अंतर्गत स्कूलों में बच्चों को स्वच्छता, नियमित हाथ धोने की आदत और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करने का अभियान चला रही है। इस पहल के अंतर्गत विद्यार्थियों को व्यक्तिगत स्वच्छता, स्वच्छ विद्यालय वातावरण तथा बीमारियों की रोकथाम से जुड़े व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
राज्यपाल ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि स्वच्छता केवल एक आदत नहीं, बल्कि स्वस्थ समाज के निर्माण का महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने कहा कि यदि बच्चों में प्रारंभ से ही स्वच्छता और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता विकसित की जाए तो इसका सकारात्मक प्रभाव पूरे समाज पर पड़ता है। राज्यपाल ने सुझाव दिया कि इस जागरूकता अभियान का विस्तार आंगनवाड़ी केन्द्रों तक भी किया जाए, ताकि छोटे बच्चों के साथ-साथ उनकी माताओं और अभिभावकों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *