उत्तराखंड

सीएम ने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ होली मिलन, भेंटवार्ता एवं संवाद कार्यक्रम में किया प्रतिभाग

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को गोरलचैड़ मैदान, चम्पावत में लोकसभा क्षेत्र अल्मोड़ा के अंतर्गत विधानसभा चम्पावत एवं लोहाघाट के पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ होली मिलन, भेंटवार्ता एवं संवाद कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। मुख्यमंत्री ने न्याय के देवता गोलू (गोल्जयू) महाराज के मन्दिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर राज्य की उन्नति एवं समस्त प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि हेतु प्रार्थना भी की। मुख्यमंत्री ने बड़ी संख्या में स्थानीय जनता एवं पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ काली कुमाऊं की प्रसिद्ध खड़ी होली गाई एवं खेली। उन्होंने सुमिरो सीता राम भया तुम हीरा जनम न पाओगे, नित जमुना के तीर कान्हा बजा गयो बसुरिया, बज रही बज रही बज रही मोहन तेरी मुरली बज रही, जैसी प्रसिद्ध खड़ी होली गायी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने बड़ी संख्या में लोगों को भाजपा की सदस्यता भी ग्रहण करवाई।
मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं से संवाद के दौरान कहा कि सभी कार्यकर्ता प्रत्येक बूथ में जाकर लोगों को आगामी लोकसभा चुनाव में अधिक से अधिक भाजपा प्रत्याशी अजय टम्टा के पक्ष में वोट डालने की अपील करें। उन्होंने कहा हमारा वोट नए भारत के संकल्प को पूरा करेगा एवं प्रधानमंत्री द्वारा शुरू की गई विकास की धारा को आगे बढ़ाने का कार्य करेगा। मुख्यमंत्री ने सभी को होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि काली कुमाऊं की खड़ी होली पूरे देश में प्रसिद्ध है। यह संस्कृति हमारे पूर्वजों से हमे मिली है। इस संस्कृति का संवर्धन, संरक्षण भी सबने मिलकर करना है। युवाओं को भी इससे जोड़ना है। उन्होंने होली में भ्रष्टाचार को खत्म करने का संकल्प लेने की बात कही। उन्होंने कहा देश के अंदर तुष्टिकरण समाप्त करने, समानता लाने, विकसित भारत बनाने की ओर प्रधानमंत्री जी द्वारा निरंतर कार्य किया जा रहा है, प्रधानमंत्री जी ने बीते 10 सालों में कई ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं। भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है, आज दुनिया भारत के रूख का इंतजार करती है। इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष निर्मल महरा , जिला पंचायत अध्यक्ष ज्योति राय, हेमा जोशी एवं अन्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *