करण देओल की दूसरी फिल्म वेल्ले का ट्रेलर जारी, अभय देओल भी दिखेंगे साथ
सनी देओल के बेटे करण देओल ने फिल्म पल पल दिल के पास से बॉलीवुड में अपनी पारी शुरू की थी। अब वह अपनी दूसरी फिल्म वेल्ले दर्शकों के बीच लेकर आ रहे हैं। यह इसलिए भी खास है, क्योंकि इसमें वह अपने चाचा अभय देओल के साथ स्क्रीन शेयर करते नजर आएंगे। फिल्म का ट्रेलर रिलीज हो गया है। इस फिल्म के जरिए करण कॉमेडी में हाथ आजमाते दिख रहे हैं। ट्रेलर की शुरुआत अभय के वॉइस ओवर से होती है, जो फिल्म के मुख्य किरदार राहुल (करण देओल) और उसके साथियों के बारे में बता रहे हैं। राहुल कलेज में पढ़ता है। नकारा टाइप का लड़का है। मेहनत से दूर भागता है और कामयाबी के लिए शॉर्ट कट तलाशता है। खुराफातों में उसका साथ उसके ही जैसे दो लड़के देते हैं।
इन तीनों वेल्ले लड़कों के गैंग में एक लड़की शामिल होती है, जिसके बाद आता है कहानी में ट्विस्ट। करण और अभय के अलावा आन्या सिंह, सावंत सिंह प्रेमी, विशेष तिवारी भी फिल्म में अहम किरदारों में दिखेंगे। इसमें मौनी रॉय भी मेहमान भूमिका निभाने वाली हैं। वेल्ले का निर्देशन देवेन मुंजाल ने किया है, जबकि नंदिनी शर्मा, आरुषी मल्होत्रा और रजनीश खनुजा ने फिल्म का निर्माण किया है। अजय देवगन की कंपनी अजय देवगन फिल्म्स इसे प्रस्तुत कर रही है। बीते दिन ही फिल्म का फर्स्ट लुक रिलीज हुआ था। वेल्ले 10 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। करण ने अभय संग फिल्म की शूटिंग की जानकारी देते हुए एक तस्वीर पोस्ट की थी, जिसमें अभय के चेहरे पर चोट के निशान थे, वहीं, करण पसीने में लिपटे दिख रहे थे। करण ने लिखा था, चाचा मेरा ख्याल रखने के लिए शुक्रिया। आप हमेशा से मेरी प्रेरणा रहे हैं। आपके साथ काम करना सुखद है। हम फिल्म को दर्शकों तक पहुंचाने के लिए बहुत उत्साहित हैं। इस पर अभय ने लिखा था, मैं हमेशा तुम्हारे पीछे खड़ा रहूंगा।
करण ने 2019 में फिल्म पल पल दिल के पास से एक्टिंग की दुनिया में कदम रखा था, लेकिन उनकी इस फिल्म को सफलता नहीं मिली। समीक्षकों से भी इसे मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली थी। हालांकि, उनके पिता ने फिल्म को सफल बनाने के लिए बहुत मेहनत की थी। करण देओल अब अपनी होम प्रॉडक्शन फिल्म अपने 2 में नजर आएंगे। अनिल शर्मा के निर्देशन में बनने वाली इस फिल्म में धर्मेंद्र, सनी और बॉबी देओल भी मुख्य भूमिकाओं में होंगे।
अभय ने फिल्म सोचा न था से बॉलीवुड में कदम रखा था। जिंदगी ना मिलेगी दोबारा और देव डी जैसी फिल्मों से उन्होंने बॉलीवुड में नाम कमाया। अभय आखिरी बार देशभक्ति से प्रेरित वेब सीरीज 1962: द वॉर इन द हिल्स में नजर आए थे।