सीएम धामी ने विभिन्न क्षेत्रों में सराहनीय कार्य करने वाले लोगांे को सम्मानित किया
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को आशीर्वाद वाटिका, डोईवाला देहरादून में स्व० हरज्ञान चंद अग्रवाल सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल के पिता एवं विद्यालय के संस्थापक स्वर्गीय मांगे राम अग्रवाल जी की 19वीं पुण्यतिथि पर आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने स्वर्गीय मांगे राम अग्रवाल जी की प्रतिमा का अनावरण किया एवं विद्यालय परिसर में पौधारोपण किया। मुख्यमंत्री श्री धामी ने विभिन्न क्षेत्रों में सराहनीय कार्य करने वाले लोगांे को सम्मानित भी किया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने डोईवाला विधानसभा के केशवपुरी में संस्कार केंद्र की चारदीवारी का निर्माण कार्य किए जाने एवं क्रीडा क्षेत्र में क्रीड़ा मैदान बनाने की घोषणा की। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि स्वर्गीय मांगे राम अग्रवाल जी ने संपूर्ण जीवन समाज सेवा के लिए समर्पित किया। उन्होंने इस क्षेत्र के अंतिम छोर पर खड़े लोगों को हमेशा आगे लाने का कार्य किया। स्वर्गीय मांगेराम अग्रवाल के पुत्र प्रेम चंद्र अग्रवाल के अंदर भी वही ललक दिखाई पड़ती है। उन्होंने कहा स्वर्गीय मांगे राम अग्रवाल जी के सपनों के अनुरूप सरकार लगातार जन सेवा का कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि हंस फाउंडेशन ने हमेशा सरकार के साथ कंधे से कंधा मिलाकर जन सेवा का कार्य किया है। कोरोना काल में हंस फाउंडेशन द्वारा गरीबों की मदद की गई एवं मरीजों तक ऑक्सीजन सिलिंडर, दवाइयां पहुंचाई गई। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत ने कोरोना पर पूरी तरीके से नियंत्रण किया। भारत ने 02 स्वदेशी कोविड वैक्सीन तैयार की। भारत में कोविड की 200 करोड़ से अधिक वैक्सीन लगाई जा चुकी है। बूस्टर डोज का अभियान भी तेजी से चल रहा है। गरीब कल्याण अन्न योजना से करोड़ों लोगों को मुफ्त में राशन पहुंचाया गया।