राज्यपाल एवं सीएम ने सराहनीय सेवाओं के लिए किया पुलिस अधिकारियों को सम्मानित
देहरादून। गणतंत्र दिवस के अवसर पर राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने को परेड ग्राउंड में आयोजित गणतंत्र दिवस समारोह में ध्वज फहराया तथा राष्ट्रीय ध्वज को नमन करते हुए परेड की सलामी ली। इस अवसर पर सीआरपीएफ, आई.टी.बी.पी., पुलिस, पीएसी, होमगार्ड, पीआरडी के जवानों सहित एन.सी.सी की टुकड़ियों ने परेड करते हुए राज्यपाल को सलामी दी। राज्य के लोक कलाकारों व विभिन्न स्कूली बच्चों ने भी विभिन्न सांस्कृतिक लोक नृत्य का मनोहारी प्रदर्शन किया। गणतंत्र दिवस के अवसर पर राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) व मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखण्ड पुलिस के ‘विजन डॉक्यूमेंट’ का अनावरण किया। इस अवसर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पुलिस कर्मियों को उनकी सराहनीय सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया।
इस अवसर राज्यपाल और मुख्यमंत्री द्वारा सड़क हादसे में घायल भारतीय क्रिकेटर ऋषभ पंत की सहायता एवं राहत व बचाव कार्य में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले हरियाणा रोडवेज के चालक सुशील कुमार, परिचालक परमजीत नयन व उत्तम शुगर मिल में कार्य करने वाले दो कर्मियों निशु और रजत को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा के अंतर्गत सूचना विभाग द्वारा 01-01 लाख रू0 की सम्मान राशि, प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह (ब्रहमकमल की अनुकृति) प्रदान किया गया। यह सम्मान सुशील कुमार की पत्नी ऋतु और परमजीत के पिता सुरेश कुमार ने ग्रहण किया। पुलिस विभाग द्वारा भी सभी को अलग से सम्मान राशि प्रदान की गई।
परेड ग्राउंड में आयोजित गणतंत्र दिवस के कार्यक्रम के दौरान महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग, ग्राम्य विकास, पर्यटन विभाग, उद्यान विभाग, शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग, वन विभाग, उद्योग विभाग द्वारा विभिन्न कार्यक्रमों, योजनाओं तथा नीतियों पर आधारित झाँकियों का भी प्रदर्शन किया गया। इस प्रदर्शन में उद्यान विभाग की झाँकी को प्रथम, पर्यटन विभाग को द्वितीय तथा शिक्षा विभाग की झांकी को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ।