मसूरी में धूमधाम से मनाया गया रक्षाबंधन समारोह, 3000 से अधिक बहनों ने बांधा कृषि मंत्री गणेश जोशी को रक्षा सूत्र
मसूरी। मसूरी में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी रक्षाबंधन समारोह बड़े हर्षाेल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। मसूरी विधायक एवं कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी द्वारा टाउन हॉल में आयोजित रक्षाबंधन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि पतंजलि योगपीठ से आचार्य बालकृष्ण और विशिष्ट अतिथि भाजपा के वरिष्ठ नेता कैलाश पंत ने कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर जौनसारी लोक गायक रेशमा शाह, मनोज सागर एवं कई बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति ने सभी के मन को मोहा।
रक्षाबंधन समारोह में विभिन्न क्षेत्रों से महिलाओं ने बढ़चढ़कर प्रतिभाग किया। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कार्यक्रम में पहुंची हजारों की संख्या में बहनों का पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम में आईटीबीपी की वीरांगनाओ सहित हजारों की संख्या में उपस्थित महिलाओं ने मंत्री गणेश जोशी की कलाई में राखी बांधकर उनके दीर्घायु होने की कामना की। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने भी बहनों को राखी के बदले उनकी रक्षा का वचन और उपहार देकर भाई का फर्ज निभाया।
कार्यक्रम में संबोधन के दौरान मुख्य अतिथि आचार्य बालकृष्ण ने कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी को रक्षाबंधन के भव्य कार्यक्रम के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में आकर सुखद अनुभूति हो रही है। आचार्य ने कहा मंत्री गणेश जोशी सभी बहनों को अपना परिवार मानते है। उन्होंने रक्षा बंधन के पौराणिक महत्व के बारे में भी जानकारी दी। उन्होंने कहा हमारी संस्कृति हमारा धर्म नारी शक्ति को हमेशा आगे रखता है। आचार्य बाल कृष्ण ने उत्तराखंड को एक अलग राज्य बनाने की भूमिका के महत्व को भी बताया। कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि कैलाश पंत ने भी रक्षाबंधन के भव्य आयोजन के लिए गणेश जोशी को बधाई दी।