दहेज के लिए तोड़ दिया शादी का रिश्ता
देहरादून। रोके की रस्म के बाद डेढ़ साल तक शादी को लटकाए रखा। इसके बाद अचानक दहेज में 20 लाख रुपये की मांग कर दी गई। जब यह रुपये देने में असमर्थता जताई तो रिश्ता तोड़ दिया। पीड़ित ने आरोपित युवक और उसकी मां के विरुद्ध थाने में प्रार्थना पत्र देकर प्राथमिकी लिखाई गई है।
देहरादून में गुरुद्वारा रोड स्थित ओल्ड डालनवाला निवासी विजय जायसवाल ने प्राथमिकी लिखाई है। इसमें उन्होंने कहा कि अपनी पुत्री का विवाह उन्होंने शहर के मुहल्ला शिवनगर निवासी अमन जायसवाल के साथ 15 सितंबर 2021 को तय किया था। इस रिश्ते के लिए अमन की मां विभा जायसवाल ने खुद पहल करते हुए उनके पास फोन किया था। अमन ने भी उनकी पुत्री को पसंद कर लिया था। इसके बाद दोनों के बीच मोबाइल फोन पर बातचीत होने लगी। रोके की रस्म इसी साल 7 नवंबर को संतोष होटल में पूरी की गई। 30 नवंबर को शादी की तिथि भी इसी दौरान तय कर दी गई। इसके बाद शादी की तैयारियों पर चर्चा करने के लिए वह 27 अक्टूबर को अपनी पत्नी को साथ लेकर यहां आए।
उसी होटल में दोनों पक्षों के बीच बातचीत हुई तो अमन की मां ने अचानक 20 लाख रुपये दहेज में देने की मांग कर दी। इतनी बड़ी रकम देे पाने में असमर्थता जताने पर धमकी देते हुए रिश्ता तोड़ दिया। इस तरह से डेढ़ साल तक शादी को लटकाएं रखने के बाद दहेज के लिए रिश्ता तोड़ने से उन्हें तथा उनकी पुत्री को गहरा मानसिक आघात लगा है।